
पीयूष पुष्कर मुजफ्फरपुर
बैरिया में छात्रा से गैंगरेप के मुख्य आरोपित को शुक्रवार को महिला थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे बैरिया से ही दबोचा गया। गुप्त स्थान पर रखकर उससे पूछताछ की जा रही है। उसकी निशानदेही पर देर रात तक छापेमारी की गई। पुलिस ने घटनास्थल को भी चिह्नित करने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपित को लेकर पुलिस घटनास्थल पर भी गई थी। मकान मालिक से भी घटना के संबंध में पूछताछ की।
पुलिस दावा कर रही है कि घटना का खुलासा हो गया है। गिरफ्तार मुख्य आरोपित की छात्रा से पहले से ही जान-पहचान थी। वह छात्रा को झांसा देकर बैरिया के एक मकान में ले गया जहां उसके दो और साथी पहुंचे। तीनों ने मिलकर छात्रा के साथ जबरदस्ती की।
इससे पहले गुरुवार की रात दो घंटे से ज्यादा समय तक महिला थानेदार आभा रानी ने पीड़िता के साथ बैरिया में खाक छानी। घटनास्थल की पहचान की। मुख्य आरोपित के पकड़े जाने के बाद बाकी दोनों आरोपितों के भी घरों पर छापेमारी की गई। दोनों फरार हैं। पुलिस अधिकारी का कहना है कि दोनों आरोपितों के फरार रहने की स्थिति में कोर्ट से इश्तेहार व कुर्की की प्रक्रिया की जाएगी।